Jaunpur news यूनियन बैंक में वृद्ध की जेब से 50 हजार रुपये पार, युवती पर चोरी का संदेह; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
यूनियन बैंक में वृद्ध की जेब से 50 हजार रुपये पार, युवती पर चोरी का संदेह; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
यूनियन बैंक में वृद्ध की जेब से 50 हजार रुपये पार, युवती पर चोरी का संदेह; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जफराबाद (जौनपुर)। कबुलपुर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नेहरूनगर शाखा में गुरुवार को चोरी की एक घटना से हड़कंप मच गया। खाते से रुपये निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग के पैंट की जेब से 50 हजार रुपये गायब हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर थाना क्षेत्र के नीलकंठपुर गांव निवासी तेजबहादुर चौहान गुरुवार को बैंक से अपने खाते से 50 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। कैशियर से 500 रुपये के नोटों की गड्डी मिलने के बाद वह बैंक में रखी बेंच पर बैठकर नोट गिनने लगे। रुपये गिनने के बाद उन्होंने पूरी रकम अपनी पैंट की जेब में रख ली।
इसके बाद वह पासबुक अपडेट कराने के लिए बैंक में लगी प्रिंटर मशीन के पास चले गए। इसी दौरान उनकी जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी गायब हो गई। बैंक से बाहर निकलने से पहले जब उन्होंने अपनी जेब टटोली तो रुपये नदारद मिले। यह देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
वृद्ध के रुपये चोरी होने की खबर फैलते ही बैंक में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वृद्ध के आसपास एक युवती और एक महिला मौजूद थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से रुपये निकाल लिए। हालांकि, चोरी में किसकी संलिप्तता है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
