IMG-20260925-WA0037
Share

अधिवक्ता की जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, एसपी से मिले दीवानी अधिवक्ता संगठन के सदस्य

जौनपुर। अधिवक्ता की भूमि पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मामले में अपेक्षित कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुमार अनुपम सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार मोहल्ला ईशापुर, थाना कोतवाली, जौनपुर निवासी अधिवक्ता सागर वर्मा की भूमि मौजा केरारकोट, परगना हवेली, तहसील व जनपद जौनपुर में स्थित है। अधिवक्ता के अनुसार उक्त भूमि को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद संख्या 1150/2006 विचाराधीन था, जिसमें 18 मई 2026 को न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में आदेश पारित किया गया था।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि 24 सितंबर 2026 की रात करीब दो बजे कुछ लोगों ने कथित रूप से भूमि पर लगाई गई बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया। आरोप है कि विरोध करने पर अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

अधिवक्ताओं ने कहा कि घटना के संबंध में शहर कोतवाली स्तर पर शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने भूमि संबंधी दस्तावेजों और न्यायालय के आदेश के आधार पर प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान संजय गुप्ता, आनंद देव तिवारी, आशीष शुक्ला, शैलेन्द्र पाल, राम देवल यादव, सैय्याद जैग़म जैदी इमरान, मासूम शाह, सूरज सेठ, दीपक यादव, मनीष यादव, शिवराज यादव, कुलदीप यादव, मोनू यादव, अंकित यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।