Jaunpur news विश्व नदी दिवस, पुनीत सागर अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बयालसी महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व नदी दिवस, पुनीत सागर अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बयालसी महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जौनपुर। विश्व नदी दिवस एवं पुनीत सागर अभियान के साथ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बयालसी महाविद्यालय जलालपुर जौनपुर में पर्यावरण संरक्षण, नदी एवं जलस्रोतों की स्वच्छता तथा युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विविध जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, एनसीसी कैडेट्स तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो0 अलकेश्वरी सिंह में बताया गया कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं हैं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति, कृषि, अर्थव्यवस्था, जैव विविधता और मानव जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। नदियों एवं जलस्रोतों में प्लास्टिक तथा अन्य कचरा डालने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा जैव विविधता, स्वास्थ्य और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, पुनर्चक्रण एवं पुनः उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान नदी में फूल-माला अथवा अन्य सामग्री प्रवाहित करने के स्थान पर उनके उचित संग्रह एवं प्रबंधन की आवश्यकता बताई गई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रो0 बृजेश कुमार मिश्र एवं प्रो0 प्रतिभा सिंह के निर्देशन में विद्यार्थियों को सामाजिक सहभागिता, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याण एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। प्रो0 संजय नारायण सिंह द्वारा मौसम की प्रतिकूलता के कारण एंटी-पॉल्यूशन ड्राइव के स्थान पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। पोस्टर एवं चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद तथा क्विज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने तथा सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अनिल कुमार, आयोजन समिति, प्राध्यापकगण एवं एनसीसी कैडेट्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
