Jaunpur news स्कूल की मैजिक ने 3.5 साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत; चालक वाहन छोड़कर फरार
स्कूल की मैजिक ने 3.5 साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत; चालक वाहन छोड़कर फरार
बहनों की आंखों के सामने हुआ हादसा, भाई को वाहन के नीचे दबा देख मची चीख-पुकार
जौनपुर। केराकत क्षेत्र के पचवर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल जाने के लिए निकले करीब साढ़े तीन वर्षीय मासूम की स्कूल मैजिक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पचवर गांव निवासी सुनील गौड़ का साढ़े तीन वर्षीय पुत्र आरव गौड़ घर के आसपास था। इसी दौरान मीरपुर स्थित एकेएस एकेडमी की पीले रंग की मैजिक चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि आरव की दो बड़ी बहनें माही और प्राची इसी स्कूल में पढ़ती हैं। हादसे के दौरान भाई को वाहन के नीचे दबा देखकर दोनों बहनों की चीख निकल गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आरोप है कि हादसे के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय मैजिक लेकर स्कूल की तरफ चला गया और वाहन को स्कूल परिसर में खड़ा कर वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां ज्योति समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साढ़े तीन साल के मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि स्कूल संचालक भी मौके पर मौजूद नहीं था। वहीं मामले की जानकारी स्कूल की प्रधानाचार्य को दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल मैजिक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल मैजिक को पुलिस ने पकड़ लिया है। चालक घटना के बाद से फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

