Jaunpur news 18वीं बास्केटबॉल होम टूर्नामेंट नौ नवंबर से, टीडी कॉलेज में हुई तैयारियों की बैठक
18वीं बास्केटबॉल होम टूर्नामेंट नौ नवंबर से, टीडी कॉलेज में हुई तैयारियों की बैठक
सुपर सीनियर, सीनियर, जूनियर व महिला वर्ग की 21 टीमें प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा
स्व. प्रमोद सिंह, मोहम्मद शाहिद व सौरभ सिंह की स्मृति में आयोजित होगा तीन दिवसीय टूर्नामेंट
जौनपुर: जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वाधान में जनपदीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी नौ नवंबर से टीडी कॉलेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला बास्केटबॉल संघ की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के सचिव लाल बहादुर पाल ने बताया कि 18वीं होम टूर्नामेंट प्रतियोगिता चार प्रमुख वर्गों (सुपर सीनियर, सीनियर, जूनियर एवं महिला वर्ग) में आयोजित होगी, जिसमें जिले भर की 21 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। बैठक के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन विचार विमर्श किया गया।
सचिव ने आगे बताया कि यह तीन दिवसीय आयोजन पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी स्व. प्रमोद सिंह, मोहम्मद शाहिद और सौरभ सिंह की स्मृति में कराया जा रहा है। इसमें वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह होंगे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मुकाबला मोहम्मद हसन कॉलेज के मैदान पर प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान व प्रधानाचार्य नासिर खान के निर्देशन में संपन्न कराया जाएगा। आयोजन के तीनो दिन बास्केटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन अनिकेत सिंह ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ी वीरभद्र सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह ‘मामा’, रहमतुल्ला, चंद्र प्रताप सिंह, राकेश सिंह ‘सुक्खू’, वेद प्रकाश सिंह, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, डॉ. राजेश सिंह एवं बच्चा सिंह समेत कई खेलप्रेमी व पूर्व खिलाड़ी मौजूद रहे।
