IMG-20260920-WA0035
Share

UPI लेनदेन पर अतिरिक्त चार्ज व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ: इंदु सिंह

व्यापारियों की हर लड़ाई में हम साथ:- आरिफ हबीब

जौनपुर। UPI के माध्यम से होने वाले डिजिटल लेनदेन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की चर्चा के बीच व्यापारियों में चिंता और असंतोष है। व्यापारियों का कहना है कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने UPI को व्यापक रूप से अपनाया है, ऐसे में प्रत्येक लेनदेन पर अतिरिक्त चार्ज लगाए जाने से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा।

व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु ने कहा कि आज देश में करोड़ों छोटे दुकानदार, व्यापारी और उपभोक्ता रोजमर्रा के लेनदेन के लिए UPI पर निर्भर हैं। डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और कम लागत वाला बनाए रखना आवश्यक है। यदि व्यापारियों से प्रत्येक छोटे-बड़े UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है, तो इसका सीधा असर उनके व्यापारिक खर्च और आम उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की आर्थिक परेशानियों को बढ़ाने के बजाय सरकार को डिजिटल भुगतान व्यवस्था को और अधिक सुगम तथा शुल्क-मुक्त बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए। छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

ज़िला महामंत्री आरिफ हबीब ने केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से मांग की कि UPI लेनदेन पर व्यापारियों से कोई अतिरिक्त शुल्क न लिया जाए तथा व्यापारियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा उनकी आवाज़ मजबूती से उठाते रहेंगे।

उक्त आशय की सूचना ज़िला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के ज़िला महामंत्री आरिफ हबीब ने दी है