Jaunpur news सीओ प्रतिमा वर्मा ने संभाली शाहगंज सर्किल की कमान।
सीओ प्रतिमा वर्मा ने संभाली शाहगंज सर्किल की कमान।
कार्यभार ग्रहण करते ही थाना प्रभारियों संग की बैठक, अपराध व अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश।
शाहगंज।
जनपद में तेजतर्रार और सख्त छवि के लिए मशहूर सीओ प्रतिमा वर्मा ने शनिवार को शाहगंज सर्किल के बतौर क्षेत्राधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के आदेश पर उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने सर्किल कार्यालय में अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की और अपराध नियंत्रण को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि सीओ प्रतिमा वर्मा इससे पहले करीब 19 महीने तक मछलीशहर सर्किल की कमान संभाल चुकी हैं, जहां उन्होंने अपराधियों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई से अलग पहचान बनाई। इसके बाद उन्हें यातायात सीओ की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन महज 8 दिन के भीतर ही एसपी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें जनपद के महत्वपूर्ण शाहगंज सर्किल की कमान सौंप दी।
बैठक के दौरान सीओ प्रतिमा वर्मा ने थाना प्रभारियों से सर्किल की कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, वांछित व वारंटी अपराधियों की स्थिति और महिला संबंधी अपराधों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी। संगठित अपराध, अवैध शराब, जुआ, चोरी-लूट जैसी घटनाओं पर पूरी तरह नकेल कसी जाए।
सीओ प्रतिमा वर्मा ने निर्देश दिया कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाएं, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी करें और जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने एंटी रोमियो अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही लंबित प्रार्थना पत्रों व विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उनके कार्यभार ग्रहण करने से पुलिस महकमे में जहां चुस्ती आई है, वहीं अपराधियों में हड़कंप की चर्चा है।
इस दौरान शाहगंज कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, एसओ खुटहन विक्रम लक्ष्मण सिंह, खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह मौजूद रहे।
