IMG-20260919-WA0042
Share


स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
स्कूली वाहनों की जांच में मचा हड़कंप, 35 का चालान और 6 वाहन सीज
जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जिले में सख्ती बढ़ा दी है। बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ अभियान के तहत स्कूली वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग द्वारा यह विशेष अभियान 14 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह तथा यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में स्कूलों में संचालित वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों को परखा गया। दस्तावेज अधूरे मिलने और निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार अब तक 35 स्कूली वाहनों का चालान किया गया है, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया है।
परिवहन विभाग की कार्रवाई से स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि उनके यहां बच्चों के परिवहन में लगे सभी वाहनों के आवश्यक दस्तावेज समय से दुरुस्त रहें और वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं।
एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार सिंह ने सभी विद्यालय संचालकों से अपील की है कि वे अपने स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक कागजात तत्काल अपडेट करा लें। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की स्थिति और सुरक्षा मानकों पर नजर रखें।