Jaunpur news पुलिस चौकी के निकट सेंध लगाकर दुकान से लाखों रूपये की चोरी
पुलिस चौकी के निकट सेंध लगाकर दुकान से लाखों रूपये की चोरी
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की सिपाह पुलिस चौकी के भौंराजीपुर इलाके में चोरों ने आटा चक्की की छत तोड़कर लाखों रुपये चुरा लिया है। पुलिस चौकी के निकट चोरों ने चोरी की इस घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। आटा चक्की संचालक राधेश्याम मौर्य के मुताबिक देर रात चोर दीवार की पटिया निकालकर अंदर दाखिल हुए और इस चोरी की घटना को अंजाम दिया है। संचालक के अनुसार, सरसों की पेमेंट के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये रखे थे, जबकि लगभग 50 हजार रुपये पहले से मौजूद थे। चोर करीब दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजे पुलिस को दी गई। संचालक के मुताबिक, चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और चक्की पर आने वाले ग्राहकों तथा सामान की आपूर्ति करने वालों की डिटेल भी ली। वहीं, चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में लंबे समय बाद चोरी की घटना सामने आई है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की रकम और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
