Jaunpur news बिस्तर पर पहुंचा जहरीला सांप, 21 वर्षीय BA छात्रा की डंसने से मौत
बिस्तर पर पहुंचा जहरीला सांप, 21 वर्षीय BA छात्रा की डंसने से मौत
बहन के साथ घर में सो रही थी आंचल, हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मछलीगांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घर में अपनी बहन के साथ सो रही 21 वर्षीय बीए की छात्रा आंचल को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल भी ले गए, जहां चिकित्सक ने भी उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
बताया जा रहा है कि रात में बिस्तर पर सांप के चढ़ आने के दौरान छात्रा को उसने डंस लिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सांप को पकड़ने के लिए सर्प पकड़ने वालों को बुलाया गया। उन्होंने काफी देर तक घर और आसपास के इलाके में खोजबीन की, लेकिन सांप का कोई पता नहीं चल सका।
आंचल की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
