August 22, 2026

Jaunpur news दो बच्चों संग महिला लापता, ससुराल से मायके तक मचा हड़कंप

Share

दो बच्चों संग महिला लापता, ससुराल से मायके तक मचा हड़कंप

सुबह से मां और दोनों बच्चों की तलाश, आसपास व रिश्तेदारी में खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, भाई ने जताई अनहोनी की आशंका

केराकत (जौनपुर) :

केराकत कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर (खेतूपुर) गांव में शनिवार सुबह एक महिला अपने दो बच्चों के साथ अचानक लापता हो गई। घर में महिला और बच्चों के नहीं मिलने पर स्वजन ने पहले आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर भी जानकारी की गई, लेकिन देर तक कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी होने पर महिला का भाई भी गांव पहुंचा और काफी खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और बहन व दोनों बच्चों के साथ अनहोनी की आशंका जताई।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला निवासी सरवन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन मधु देवी की शादी करीब छह वर्ष पूर्व शहाबुद्दीनपुर निवासी प्रफुल कुमार से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पुत्र मयंक और पुत्री मनु। प्रफुल कुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में पुणे में रहता है। शनिवार सुबह मधु के दोनों बच्चों के साथ लापता होने की जानकारी मिली तो परिवार में चिंता बढ़ गई।

सरवन कुमार का आरोप है कि उनकी बहन को ससुराल में दहेज को लेकर आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने सास इंदावती और ननद गुड़िया पर बहन के साथ शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। हालांकि, मधु किन परिस्थितियों में दोनों बच्चों के साथ घर से निकली और उसके बाद कहां गई, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है।

भाई ने पुलिस से महिला और दोनों बच्चों की जल्द तलाश कराने तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित सास व ननद के विरुद्ध उचित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

कोट

“प्रार्थना पत्र मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है।”

अमरेंद्र कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली केराकत

About Author