Jaunpur news जौनपुर में ड्रग विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
जौनपुर में ड्रग विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
मौर्य फार्मेसी से 4 सैंपल सीज, दो अन्य मेडिकल स्टोर संचालक को जारी हुई नोटिस
अधोमानक दवाएं बेचने की लंबे समय से मिल रही थी शिकायतें
जौनपुर। शासन के विशेष निर्देश पर नकली और अधोमानक दवा बेचने वाले दवा विक्रेताओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जौनपुर के ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय की स्पेशल टीम ने
शुक्रवार को मड़ियाहूं कस्बे में आधा दर्जन दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
इस दौरान मड़ियाहूं स्थित मौर्य फार्मेसी की जांच कर टीम ने प्रयोगशाला जांच के लिए यहां से चार दवाओं के सैंपल लिए। इसके अलावा जमालापुर कस्बे में दो मेडिकल एजेंसियों में गंभीर खामियां मिलने पर उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया है।
जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित विशेष दस्ते ने गोपनीय सूचना पर मड़ियाहूं कस्बा स्थित मौर्य फार्मेसी पर छापेमारी कर यहां फार्मेसी का सघन निरीक्षण किया। टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए वहां से दवाओं के चार सैंपल (नमूने) संकलित किए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण और विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियमावली 1945 के कड़े प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यहां से कार्रवाई के बाद अधिकारियों का दस्ता जमालापुर क्षेत्र में संचालित शिव मेडिकल एजेंसी और लक्ष्मी मेडिकल एजेंसी का औचक निरीक्षण किया । दोनों प्रतिष्ठानों में दवा के रखरखाव और अभिलेखों में गंभीर कमियां पाई गईं। ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए नियमों के अनुसार ही दवा बेचने के निर्देश दिए।
बाक्स
शासन को भेजी गई छापेमारी की रिपोर्ट
जौनपुर। शासन के विशेष निर्देश पर मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र में की गई इस छापेमारी की सम्पूर्ण रिपोर्ट
संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही विस्तृत जांच रिपोर्ट सहायक आयुक्त (औषधि), वाराणसी मंडल को भी प्रेषित जा रही है।
यह जानकारी जिला ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने दी । उन्होंने बताया कि दवाओं की गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
