August 21, 2026

Jaunpur news पुरानी पेंशन बहाली के लिए अटेवा ने निकाला तिरंगा यात्रा, पेंशन के नारे से गूंज उठा कलेक्ट्रेट जौनपुर

Share

पुरानी पेंशन बहाली के लिए अटेवा ने निकाला तिरंगा यात्रा, पेंशन के नारे से गूंज उठा कलेक्ट्रेट जौनपुर ।

जौनपुर, 21 अगस्त 2026। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर अटेवा के आह्वान पर जौनपुर में विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ एवं ‘पेंशन बचाओ रैली’ का आयोजन किया गया। अटेवा के प्रांतीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु जी के आह्वान पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए और पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में अपनी एकजुटता का जोरदार प्रदर्शन किया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अंबेडकर तिराहा से हुआ। हाथों में तिरंगा और पुरानी पेंशन बहाली के नारों के साथ शिक्षक-कर्मचारियों का काफिला कलेक्ट्रेट जौनपुर पहुंचा। यहां पुरानी पेंशन योजना बहाल करने सहित कर्मचारियों के हितों से जुड़ी मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के उपरांत तिरंगा यात्रा का शांतिपूर्ण एवं सफल समापन हुआ।

कार्यक्रम का नेतृत्व अटेवा जिलाध्यक्ष श्री चंदन सिंह, जिला महामंत्री श्री इंदुप्रकाश यादव एवं जिला कोषाध्यक्ष श्री नंदलाल पुष्पक ने किया। वहीं कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रमुख वक्ता के रूप में अटेवा मंडल उपाध्यक्ष श्री रमेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने दिया व्यापक समर्थन

तिरंगा यात्रा में विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की गरिमामयी सहभागिता रही। कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री विजय प्रताप सिंह, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष श्री सुजीत सिंह, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री संजय चौधरी, बिजली विभाग के श्री निखिलेश सिंह, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार यादव जी, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजेश सिंह, विकास सिंह, संजय सिंह,निखिलेश सिंह , हेमंत सिंह तथा पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के श्री नंद किशोर सिंह जी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्रा में सहभागिता कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को अपना समर्थन दिया।

विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की इस व्यापक सहभागिता ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुरानी पेंशन की मांग किसी एक संगठन अथवा वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग के सुरक्षित भविष्य, सम्मानजनक सेवानिवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा साझा संघर्ष है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। वर्षों तक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सरकारी सेवा करने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली के लिए अटेवा द्वारा चलाए जा रहे संघर्ष को अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।

अटेवा महिला विंग की प्रदेश सह प्रभारी डा यामिनी सिंह एवं महिला विंग जौनपुर की अध्यक्ष आराधना चौहान ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के लिए कोई भीख या खैरात नहीं, बल्कि वर्षों की सेवा के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित बुढ़ापे का अधिकार है। पूनम जयसवाल एवं विनीता यादव ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक अटेवा का संघर्ष पूरी मजबूती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।

प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तिरंगा यात्रा में शिक्षक-कर्मचारियों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने “पुरानी पेंशन बहाल करो”, “जय युवा–जय अटेवा” और “विजय बंधु जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा जिला मुख्यालय गुंजायमान कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित शिक्षक-कर्मचारियों ने अनुशासन, एकजुटता और संघर्ष के संकल्प का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में अटेवा मंडल महामंत्री श्री संदीप चौधरी जी एवं जिला संगठन मंत्री श्री सुबास सरोज जी ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी शिक्षक-कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

About Author