August 17, 2026

Jaunpur news धर्मापुर में कोटेदारों के लाभांश वृद्धि कार्यक्रम का आयोजन, मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण से दी गई जानकारी

Share

धर्मापुर में कोटेदारों के लाभांश वृद्धि कार्यक्रम का आयोजन, मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण से दी गई जानकारी

जौनपुर।

धर्मापुर ब्लॉक सभागार स्थित शहीद हाल में सोमवार को राशन कोटेदारों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर ‘नई प्रणाली लाभांश वृद्धि उल्लास’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह मौजूद रहे। इस दौरान धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र से पहुंचे राशन कोटेदारों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन कोटेदारों के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। लाभांश वृद्धि की जानकारी मिलते ही कोटेदारों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह का सप्लाई इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के हर वर्ग और हर व्यक्ति के हित को ध्यान में रखकर विकास कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार हर विभाग के कर्मचारियों और उससे जुड़े लोगों के हितों के प्रति संवेदनशील है। राशन कोटेदारों के लाभांश में वृद्धि कर सरकार ने उन्हें बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे कोटेदारों को अपने कार्य के बदले मिलने वाली आय में राहत मिलेगी और वे और अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
कार्यक्रम में एआरओ योगेंद्र कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर अर्चना सिंह, दिलीप कुमार, बीडीओ कृष्ण मोहन यादव, मंडल अध्यक्ष संतोष मौर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा, शुभम पटेल, हरषु सिंह, राकेश मिश्र, विकास यादव, सुरेंद्र शर्मा, रागिनी यादव सहित बड़ी संख्या में कोटेदार व अन्य लोग मौजूद रहे।

About Author