Jaunpur news सावन में सेवा की मिसाल, पूर्व सैनिक नवीन सिंह का सात वर्षों से 24 घंटे भंडारा
सावन में सेवा की मिसाल, पूर्व सैनिक नवीन सिंह का सात वर्षों से 24 घंटे भंडारा
त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास कांवरियों और श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन व विश्राम की व्यवस्था
जलालपुर,जौनपुर: सावन के पवित्र महीने में शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। ग्राम सभा चितारी निवासी पूर्व सैनिक नवीन सिंह पिछले सात वर्षों से कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे निःशुल्क भंडारे का आयोजन कर रहे हैं।
पूर्व सैनिक नवीन सिंह ने बताया कि सेना में जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में तैनाती के दौरान उन्होंने अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़े-बड़े भंडारों में श्रद्धालुओं की सेवा होते देखी थी। तभी उनके मन में अपने क्षेत्र में भी इसी तरह सेवा कार्य करने का विचार आया। सामर्थ्य मिलने पर उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ त्रिलोचन महादेव मंदिर के समीप भंडारा शुरू किया, जो लगातार सात वर्षों से जारी है।
उन्होंने बताया कि सावन के दौरान विशेषकर रविवार की रात कांवरियों को भोजन मिलने में काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए 24 घंटे भंडारे की व्यवस्था शुरू की गई। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रत्येक वर्ष भंडारे में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। पिछले वर्ष करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया था। इस आयोजन में जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं किया जाता। सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से भोजन कराया जाता है।
नवीन सिंह ने कहा कि सेवा कार्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे समाज में भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है। भंडारे में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में सहयोगी सेवा कार्य में जुटे रहते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में सोनम कंस्ट्रक्शन के ओनर नवीन सिंह, रोहित सिंह, अभिषेक सिंह रघुवंशी, नीरज सेठ, आशु सिंह, चन्द्रेश्वर सिंह, अभिषेक सिंह, मनीष सिंह सहित सैकड़ों लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सावन में त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास चल रहा यह भंडारा श्रद्धालुओं के लिए राहत का केंद्र बनने के साथ ही क्षेत्र में सेवा और सामाजिक एकता की प्रेरक मिसाल बना हुआ है।
