Jaunpur news कम्पोजिट विद्यालय शेरपुर में निकली तिरंगा यात्रा, बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
कम्पोजिट विद्यालय शेरपुर में निकली तिरंगा यात्रा, बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
खुटहन, जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत खुटहन ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय शेरपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश के क्रम में तथा खंड शिक्षा अधिकारी विपुल उपाध्याय की देखरेख में आयोजित तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करते हुए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश देते नजर आए।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी दी और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
तिरंगा यात्रा से विद्यालय परिसर और आसपास का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
