Jaunpur news कमालपुर में कांवड़ सेवा शिविर में गूंजा सामाजिक समरसता और सनातन एकता का संदेश
कमालपुर में कांवड़ सेवा शिविर में गूंजा सामाजिक समरसता और सनातन एकता का संदेश
पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने संत शिरोमणि रविदास जी की शिष्य परंपरा के साधु-संतों का अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मान, यज्ञ में की सहभागिता
रिपोर्टर दीपक शुक्ला
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश इन दिनों शिवभक्ति और धार्मिक आस्था से सराबोर है। कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह शिव कांवड़ सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सेवा के साथ-साथ सामाजिक समरसता एवं सनातन संस्कृति का संदेश भी दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कमालपुर, सहारनपुर में आयोजित शिव कांवड़ सेवा शिविर में पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सहभागिता की। कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के संयोजक श्री सूर्यकांत सिंह के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यज्ञ एवं हवन रहा। पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने यज्ञ में सहभागिता करते हुए विधिवत आहुति दी और भगवान शिव से कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की कामना की।
इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिष्य परंपरा से जुड़े साधु-संतों एवं महंतों की विशेष उपस्थिति रही। पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने संत परंपरा के साधु-संतों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। महंत श्री जगपाल दास जी सहित उपस्थित संतों का सम्मान करते हुए उन्होंने संत परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम में ठाकुर चंद्रपाल सिंह, ऋषभ सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि भगवान शिव की आराधना सभी को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश देती है। भगवान शिव सबके हैं और प्रत्येक प्राणी में शिव तत्व विद्यमान है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की महान परंपरा के साधु-संतों की उपस्थिति और उनके सम्मान से कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सद्भाव और सनातन एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा, त्याग और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। कांवड़ियों की सेवा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता भारतीय संस्कृति की व्यापकता और भाईचारे को दर्शाती है।
इसके पश्चात डॉ. दिनेश चंद्र ने क्षेत्र में संत परंपरा से जुड़े धार्मिक स्थलों पर भी पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए तथा शिव भक्त कांवड़ियों के बीच प्रसाद वितरण किया। उन्होंने भगवान शिव के चरणों में नमन करते हुए सभी कांवड़ यात्रियों की कुशल यात्रा और मंगलमय गंतव्य की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी शिव भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी कांवड़ियों की यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाएं और सभी श्रद्धालु सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचें।
