Jaunpur news हर-हर महादेव के जयघोष के बीच काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए सैकड़ों कांवड़िए

IMG-20260801-WA0050
Share

हर-हर महादेव के जयघोष के बीच काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए सैकड़ों कांवड़िए

जौनपुर: सावन माह के प्रथम सोमवार पर बाबा काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के उद्देश्य से शनिवार को जफराबाद क्षेत्र से श्रद्धालुओं का विशाल कांवड़ जत्था वाराणसी के लिए रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले गोमती नदी के तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर कांवड़ियों ने अपनी पदयात्रा आरंभ की।

नावघाट स्थित गोमती घाट पर सुबह से ही आसपास के कई गांवों के श्रद्धालु एकत्र होने लगे। पूरे वातावरण में “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

रवाना होने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और शिवभक्त शामिल हुए, जो सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

इस दौरान भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान, पूर्व चेयरमैन प्रमोद बरनवाल सहित कई गणमान्य लोगों ने कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल देखने को मिला।