Jaunpur news डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, संक्रमित मरीज के घर पहुंची टीम; जनपद में अब तक मिले 5 मरीज

Share


जौनपुर में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, संक्रमित मरीज के घर पहुंची टीम; जनपद में अब तक मिले 5 मरीज
जौनपुर। जिले में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को लाइन बाजार क्षेत्र में डेंगू से संक्रमित एक मरीज की पुष्टि होने के बाद जिला मलेरिया विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यापक सर्वे और जागरूकता अभियान चलाया। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने आसपास के क्षेत्र में बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वे, डेंगू जांच, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तथा लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में डेंगू के कुल पांच मरीज सामने आ चुके हैं। विभाग का कहना है कि समय रहते जांच और उपचार से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इसी उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, उल्टी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने बताया कि डेंगू का इलाज सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है और लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें तथा पूरी बांह के कपड़े पहनकर मच्छरों से बचाव करें।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू जांच, आवश्यक दवाएं, प्लेटलेट्स की व्यवस्था और विशेष वार्ड उपलब्ध हैं। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है, जो डेंगू के मामलों की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे और नियंत्रण संबंधी कार्रवाई करती है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि हर रविवार “ड्राई डे” मनाते हुए अपने घर और आसपास जमा पानी को अवश्य हटाएं, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा सके।

About Author