Jaunpur news एआईडीएसओ ने महान क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया

Share

एआईडीएसओ ने महान क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया

बदलापुर, जौनपुर, उ.प्र।
आजादी आंदोलन के गैर समझौतावादी धारा के महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं जयंती के अवसर पर एआईडीएसओ के द्वारा आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज बदलापुर जौनपुर के मुख्य द्वार पर माल्यार्पण कार्यक्रम व गेट मीटिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के द्वारा महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की फोटो पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को एआईडीएसओ के उत्तर प्रदेश राज्य सचिव दिलीप कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि, चन्द्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 ई. को मध्य प्रदेश के भावरा में हुआ था। अंग्रेजों के अत्याचार देखकर वे बचपन से ही वे अंग्रेजों से नफरत करने लगे थे। उन्होंने भारत को हर तरह से शोषण-मुक्त समाज बनाने का सपना देखा था। लेकिन आजादी के 78 सालों बाद भी उनका सपना आज अधूरा है। क्रांतिकारियों ने न सिर्फ अंग्रेजों को देश से भगाना चाहा था बल्कि उनका अंतिम लक्ष्य भारत को समाजवादी वतन बनाना था। इसीलिए सन् 1928 में हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के कमान्डर-इन-चीफ के रुप में चन्द्रशेखर आज़ाद को चुना गया था। इस तरह कठिन संघर्ष चलाते हुए 27 फरवरी 1931 को अल्फ्रेड पार्क इलाहाबाद में अंग्रेजों से सशस्त्र संघर्ष में वे शहीद हो गये। लेकिन चन्द्रशेखर आजाद आज भी छात्र युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जीवन के सभी क्षेत्रों में जब समस्यायें दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं तो ऐसे महापुरुषों व क्रांतिकारियों के जीवन संघर्षों से सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है और लड़ने की जरूरत है।
इस अवसर पर एआईडीएसओ के जौनपुर जिला संयोजक संतोष कुमार, अंजली सरोज, पूनम प्रजापति, दीपचंद, चन्द्रिशा, श्रीकांत व अन्य छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

About Author