Jaunpur news केराकत में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पथराव में नायब तहसीलदार घायल; सरकारी बुलडोजर में तोड़फोड़

Share

केराकत में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पथराव में नायब तहसीलदार घायल; सरकारी बुलडोजर में तोड़फोड़

जौनपुर केराकत। नगर पंचायत केराकत द्वारा चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब प्रशासनिक टीम और कुछ लोगों के बीच विवाद के बाद पथराव शुरू हो गया। इस घटना में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव घायल हो गए, जबकि बुलडोजर को भी क्षति पहुंचाई गई।

जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत सड़क किनारे लगे अस्थायी ठेले, अवैध टीन शेड, बैनर और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और प्रशासनिक टीम पर पथराव होने लगा। पथराव में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट आई। वहीं, उपद्रवियों ने बुलडोजर का शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ भी अभद्रता व मारपीट का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सना सगीर और नायब तहसीलदार ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पांच नामजद तथा लगभग 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रशासन का कहना है कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी, पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।

About Author