Jaunpur news एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, मड़ियाहूं थाने का दरोगा रिश्वत लेते गिरफ्तार

IMG-20260709-WA0058
Share

जौनपुर में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, मड़ियाहूं थाने का दरोगा रिश्वत लेते गिरफ्तार

जौनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को एंटी करप्शन संगठन की वाराणसी इकाई ने जौनपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए मड़ियाहूं थाने में तैनात उप निरीक्षक रामाश्रय प्रजापति को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि एक आपराधिक मामले में कार्रवाई का आश्वासन देने और मुकदमे में नाम शामिल करने के एवज में उप निरीक्षक द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत एंटी करप्शन टीम ने मड़ियाहूं थाने के पास कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक को रिश्वत की रकम लेते समय मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।