Jaunpur news हाईवे किनारे खड़े ट्रक में चालक मृत मिला, हरियाणा निवासी की हुई पहचान; मोबाइल और नकदी गायब होने से उठे सवाल

Share


जौनपुर में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में चालक मृत मिला, हरियाणा निवासी की हुई पहचान; मोबाइल और नकदी गायब होने से उठे सवाल
जौनपुर: शहर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवापार स्थित लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक ट्रक में चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार करीब दोपहर 2 बजे हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक के स्टीयरिंग पर चालक अचेत अवस्था में झुका हुआ दिखाई दिया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जब यह देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। चालक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद लाइन बाजार थाना पुलिस ने ट्रक के दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान सरदार इकबाल सिंह (50 वर्ष) पुत्र जगदीश सिंह, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में की। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को चालक के पास से न तो मोबाइल फोन मिला और न ही कोई नकदी बरामद हुई। इस वजह से घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

About Author