August 21, 2026

Jaunpur news कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, अधिवक्ताओं को मिलेंगी आधुनिक विधिक सुविधाएं

Share


जौनपुर कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, अधिवक्ताओं को मिलेंगी आधुनिक विधिक सुविधाएं

जौनपुर। कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ भवन में बुधवार को डिजिटल लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी आईएएस सैमुअल पॉल एन.जी. ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा (ॐ साईं बाल चिकित्सालय, पॉलिटेक्निक चौराहा, जौनपुर) के सहयोग से की गई। इस पहल को साकार करने में कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह और महामंत्री मनोज कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उद्घाटन समारोह में अपर जिलाधिकारी (भू एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), तहसीलदार सदर सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की और इस पहल की सराहना की।

डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से अधिवक्ताओं को नवीनतम अधिनियमों, उच्च एवं सर्वोच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों, विधिक पत्रिकाओं, ई-पुस्तकों और ऑनलाइन शोध सामग्री तक एक ही स्थान पर त्वरित पहुंच उपलब्ध होगी। इससे न केवल अधिवक्ताओं के अध्ययन और शोध कार्य को नई गति मिलेगी, बल्कि न्यायालयीन कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता में भी वृद्धि होगी।

वक्ताओं ने कहा कि यह पहल आधुनिक तकनीक को न्यायिक व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में यह डिजिटल लाइब्रेरी अधिवक्ताओं, विधि के विद्यार्थियों और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए ज्ञान एवं शोध का प्रमुख केंद्र बनेगी।

समारोह के अंत में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, महामंत्री मनोज कुमार मिश्रा तथा सहयोगी डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए इसे जौनपुर की न्यायिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर बताया गया।

About Author