August 13, 2026

Jaunpur news सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्जों को हटाकर भूमि कराई गई खाली

Share

सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्जों को हटाकर भूमि कराई गई खाली

मड़ियाहूं में राजस्व-पुलिस टीम का अभियान, ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने वालों को चेतावनी

जौनपुर मड़ियाहूं,सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तहसील प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चौधी मलकानपुर में ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जे हटवा दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।

शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि ग्राम समाज की नवीन परती एवं खाद गड्ढा के रूप में दर्ज भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था, जबकि एक स्थान पर सरकारी भूमि पर निजी उपयोग के लिए स्थायी कब्जे की कोशिश की जा रही थी।

प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण और कब्जों को ध्वस्त करा दिया। अभियान के दौरान संबंधित भूमि को पूरी तरह खाली कराकर पुनः सरकारी अभिलेखों के अनुसार सुरक्षित कराया गया।

उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि ग्राम समाज एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जाएगी और सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल तथा राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से सरकारी भूमि की सुरक्षा में सहयोग करने और किसी भी अवैध कब्जे की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

About Author