August 13, 2026

Jaunpur news कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन की सख्ती, सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

Share


जौनपुर में कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन की सख्ती, सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

जौनपुर। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा तथा आपातकालीन निकास की विस्तृत जांच की गई।
जिलाधिकारी ने भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में फायर अलार्म, वायरिंग एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों में कमियां पाई गईं। साथ ही, संस्थान का मुख्य मार्ग बेसमेंट से होकर ऊपरी मंजिलों तक जाने को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।
इन कमियों के संबंध में संस्थान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा, लेकिन संस्थान को सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर संतोषजनक जवाब देना होगा।
सक्सेस पाठशाला में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहां वैकल्पिक निकास, अग्नि सुरक्षा उपकरण और आपातकालीन प्रबंध उपलब्ध थे। भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलीं, जिनके त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा फायर एक्सटिंग्विशरों का समय-समय पर नवीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी एसडीएम और तहसील स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के कोचिंग सेंटरों, छात्रावासों और लाइब्रेरी का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। बिना अनुमति संचालित होने वाले अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत शाहगंज, बदलापुर सहित अन्य तहसीलों में भी एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण किया और कमियों को शीघ्र दूर करने की चेतावनी दी।

About Author