Jaunpur news छात्रों की गूंज” अभियान को लेकर कांग्रेस सक्रिय, पूर्णिया में प्रेस वार्ता करेंगे पूर्व विधायक नदीम जावेद

Share


“छात्रों की गूंज” अभियान को लेकर कांग्रेस सक्रिय, पूर्णिया में प्रेस वार्ता करेंगे पूर्व विधायक नदीम जावेद
जौनपुर। कांग्रेस पार्टी द्वारा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से शुरू किए गए विशेष अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत 25 जून को देशभर के विभिन्न शहरों में पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पार्टी नेतृत्व ने इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों और शहरों की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद को बिहार के पूर्णिया में आयोजित होने वाली पत्रकार वार्ता को संबोधित करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से छात्रों एवं युवाओं की मांगों को मजबूती से राष्ट्रीय मंच पर रखा जा सकेगा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह अभियान युवाओं की समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सरकार का ध्यान शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित करने का प्रयास है। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और संवादों का आयोजन भी किया जाएगा।
कांग्रेस नेता सत्यवीर सिंह ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज़ को मजबूत करने के लिए कांग्रेस निरंतर प्रयासरत है तथा आगामी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के आह्वान पर कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। यह पहल युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनजागरण का माध्यम बनेगी।

About Author