August 13, 2026

Jaunpur news 21 जून को जौनपुर में ट्रैफिक अलर्ट: नीट परीक्षा और योग दिवस के चलते भारी वाहनों की नो-एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

Share


21 जून को जौनपुर में ट्रैफिक अलर्ट: नीट परीक्षा और योग दिवस के चलते भारी वाहनों की नो-एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
जौनपुर।
रविवार 21 जून को जिले में आयोजित होने वाली रि-नीट (यूजी) प्रवेश परीक्षा-2026 और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। शहर में जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित रि-नीट (यूजी) परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने तथा शहर को जाम मुक्त रखने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है।
इन मार्गों से भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास और कुत्तुपुर तिराहा से शहर की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे गैस, पेट्रोल, डीजल एवं मेडिकल आपूर्ति वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
योग दिवस कार्यक्रम के लिए विशेष व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रातः 5 बजे से शाही किला परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की अलग व्यवस्था की है।
रोडवेज बसों के लिए सिया इंटर कॉलेज परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है, जबकि वीवीआईपी वाहनों के लिए शाही किला के समीप पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए भी विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
कार्यक्रम के दौरान किला क्षेत्र की ओर जाने वाले कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। सिपाह, मानिक चौक, अटाला, सुतरहट्टी, चहरसू और सद्भावना तिराहा सहित कई स्थानों से केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
इसके अलावा पालिटेक्निक चौराहा, जोगियापुर तिराहा, बदलापुर पड़ाव, मछलीशहर पड़ाव, शाहगंज पड़ाव और अहियापुर तिराहा से बड़े एवं मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें, ताकि रि-नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

About Author