Jaunpur news विश्व योग दिवस से पहले जिला कारागार जौनपुर में योग जागरूकता सप्ताह का आगाज़, बंदियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के मंत्र
विश्व योग दिवस से पहले जिला कारागार जौनपुर में योग जागरूकता सप्ताह का आगाज़, बंदियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के मंत्र
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनज़र जिला कारागार जौनपुर में योग जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान कारागार परिसर में बंदियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षण सत्र का संचालन योग विशेषज्ञ डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य एवं आचार्य हरिदास वैद्य ने किया। उन्होंने बंदियों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य ने कहा कि योग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मोटापे जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही योग आत्मविश्वास बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है।
कार्यक्रम में जेल प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जेलर सुभाष कुमार, डिप्टी जेलर नंद किशोर, शिक्षक प्रदीप कुमार अस्थाना सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में बंदियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कारागार प्रशासन ने बताया कि योग सप्ताह के दौरान प्रतिदिन विभिन्न योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे बंदियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

