Jaunpur news आजाद हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग, परिजनों ने सौंपा ज्ञापन
आजाद हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग, परिजनों ने सौंपा ज्ञापन
न्याय की गुहार लगाते समय भावुक हुई पत्नी, जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में हुई बेहोश
जौनपुर
आजाद हत्याकांड में नामजद मेडिकल स्टोर संचालक डॉ. अविनाश सिंह चौहान के परिजन सोमवार को न्याय की मांग को लेकर जनपद मुख्यालय पहुंचे। परिजनों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस दौरान डॉ. अविनाश की पत्नी ईशा सिंह अपने पति के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए भावुक हो गईं और जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला।
डॉ. अविनाश की बहन काजल किरण सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भाई को राजनीतिक रंजिश के कारण झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उनका कहना था कि ग्राम बढ़उर की प्रधानी से जुड़ी राजनीति के चलते उनके भाई का नाम आजाद हत्याकांड में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 2 से 4 मई तक डॉ. अविनाश से पूछताछ की थी और उसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन बाद में उनका नाम फिर से मामले में जोड़ दिया गया।
परिजनों ने दावा किया कि डॉ. अविनाश के खिलाफ किसी भी थाने में कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। उनका कहना है कि घटना के दिन के सीसीटीवी फुटेज भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
ईशा सिंह ने कहा कि उनके पति को पर्याप्त साक्ष्यों के बिना मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके तीन छोटे बच्चे हैं और पूरा परिवार उनके पति पर आश्रित है। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
