Jaunpur news लापता युवती का शव कुएं में मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर में लापता युवती का शव कुएं में मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र में एक युवती का शव सुनसान कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दो दिन से लापता चल रही 18 वर्षीय युवती का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित पुराने कुएं में उतराया मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
मामला रामपुर थाना क्षेत्र के धनुआ गांव का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राधेश्याम सरोज की पुत्री निधि सरोज बीते शुक्रवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब युवती का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक पुराने कुएं पर पड़ी, जहां पानी में युवती का शव दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची रामपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल भी की।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि कई ग्रामीण मामले को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
