Jaunpur news हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

Screenshot_2026-05-23-20-37-08-82_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
Share

जौनपुर में बड़ा हादसा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह फीडर अंतर्गत बरेठी गांव में शनिवार को बिजली विभाग के एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार संविदा लाइनमैन अशोक यादव बिजली लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े थे। आरोप है कि उन्होंने कार्य शुरू करने से पहले पावर हाउस पर फोन कर शटडाउन लिया था, लेकिन इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया और वह हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद अशोक यादव करीब एक मिनट तक खंभे पर ही चिपके रहे, जिसके बाद नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही और जिम्मेदार कर्मचारियों की गलती के कारण उनके पिता की जान गई है। उन्होंने संबंधित एसएसओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि हादसे की सूचना तुरंत विभाग के एसडीओ, जेई और एक्सईएन समेत अन्य अधिकारियों को दी गई, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर ग्रामीणों और परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार तथा बरसठी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी मुआवजा और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।