August 25, 2026

Jaunpur news स्वर्णकार समाज का प्रदर्शन, कारोबार और रोजगार को लेकर उठाई आवाज

Share

जौनपुर में स्वर्णकार समाज का प्रदर्शन, कारोबार और रोजगार को लेकर उठाई आवाज
जौनपुर। शहर के हनुमान घाट पर रविवार को स्वर्णकार समाज ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सोनार नरहरि सेना के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी, कारीगर, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान स्वर्णकार समाज ने अपने व्यापार और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
सभा को संबोधित करते हुए सोनार नरहरि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि देश में लाखों परिवार सोना-चांदी के कारोबार और कारीगरी से जुड़े हुए हैं। यह केवल व्यापार नहीं बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कला और रोजगार का बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि सराफा कारोबार प्रभावित होता है तो इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों, कारीगरों और मजदूरों की आजीविका पर पड़ेगा।
वहीं अमर जौहरी ने कहा कि स्वर्णकार समाज लंबे समय से देश की अर्थव्यवस्था और पारंपरिक व्यापार व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि बाजार में गिरावट आने से हजारों कारीगरों और छोटे दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा को लेकर नारेबाजी भी की। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्णकार समाज अपने सम्मान और रोजगार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

About Author