Jaunpur news भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत
जौनपुर में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब विपरीत दिशा से आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रक सरोखनपुर हाईवे पर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गरादिल (28 वर्ष) पुत्र योगेंद्र खान निवासी खैरपुर, थाना रायपुर, जनपद पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। वहीं दूसरे ट्रक में सवार घायल चालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही बदलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
