Jaunpur news बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, महिलाओं-बच्चों संग सड़क पर उतरे मोहल्लावासी
जौनपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, महिलाओं-बच्चों संग सड़क पर उतरे मोहल्लावासी
जौनपुर। शहर के रौजा अर्जन और गदन अर्जानी मोहल्लों में कई दिनों से जारी बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर दिखाई दिया। भीषण गर्मी और पानी की समस्या से परेशान स्थानीय नागरिकों ने कांग्रेस सभासद शाहनवाज मंजूर के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है, जिससे घरों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न होने के कारण पानी की सप्लाई भी ठप पड़ गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से बेहाल महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी मस्जिद चौराहे से जुलूस निकालकर जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं और खराब व्यवस्था को सुधारने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने लोगों को जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है।
