Jaunpur news कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल मिला जिलाधिकारी से
कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल मिला जिलाधिकारी से
कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निदान हेतु दिए गए निर्देश- डॉ प्रदीप सिंह
जौनपुर।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जौनपुर के जिला अध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर वार्ता हेतु कर्मचारियों का प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी जौनपुर से मिला। इस दौरान हुई वार्ता में जिलाधिकारी जौनपुर के साथ मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे डॉ प्रदीप सिंह ने मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के पत्र का हवाला देते हुए प्रत्येक माह कर्मचारी समस्याओं के समाधान हेतु मान्यता प्राप्त सेवा संघों के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की वार्ता हेतु अनुरोध किया जिसे जिलाधिकारी ने तत्काल स्वीकृत करते हुए संबंधित को पत्र जारी करने का निर्देश दिया।
ई-ऑफिस के मुद्दे पर जनपद के समस्त ग्राम विकास अधिकारियों के माह अप्रैल का वेतन रोकने की बात को शासनादेश का अवलोकन एवं विचार विमर्श के बाद सहमति देते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल वेतन रिलीज करने हेतु निर्देशित किया।
जनपद में 11 अप्रैल 2026 को संपन्न समन्वय समिति जौनपुर द्वारा आयोजित “कर्मचारी समस्या सुनवाई चौपाल दिवस” की कार्यवृत्ति में ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों की 28 सूत्रीय मांग पत्र पर गंभीरता पूर्व विचार करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बिंदुवार समस्याओं के समाधान का तत्काल निर्देश देते हुए कार्यवृत्ति जारी करने को कहा।
वार्ता के अंत में अध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह ने जिलाधिकारी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विकास की सतत प्रक्रिया में अधिकारी एवं कर्मचारी एक दूसरे के परिपूरक है।
वार्ता में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री देवेश यादव, जिला कोषाध्यक्ष रामकृष्ण पाल, आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष सरिता सिंह, उपाध्यक्ष डॉ फूलचंद कनौजिया मौजूद रहे।
