Jaunpur news जमीन विवाद को लेकर युवक का टावर पर चढ़कर हंगामा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
जौनपुर में जमीन विवाद को लेकर युवक का टावर पर चढ़कर हंगामा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बक्शा, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक जमीन विवाद से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में भारी भीड़ जुट गई और लोग उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे।
जानकारी के अनुसार विशेषरपुर (साईनाथ) निवासी लगभग 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव पुत्र राजाराम यादव ने अपनी जमीन के सीमांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवक का आरोप है कि गाटा संख्या 250 की जमीन का गलत सीमांकन किया जा रहा है और दबाव बनाकर उसकी जमीन कब्जाने की कोशिश की जा रही है।
टावर पर चढ़े युवक ने राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। वहीं मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब तीन घंटे तक तेज धूप में मोबाइल टावर पर बैठा रहा, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। खबर लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था और प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार कर रहा था।
