Jaunpur news दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे 112 चालक होमगार्ड की मौत, दो युवक घायल
जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे 112 चालक होमगार्ड की मौत, दो युवक घायल
जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में डायल 112 में तैनात होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार मरियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव निवासी अनिल कुमार दुबे (47) डायल 112 वाहन चालक के रूप में नेवढ़िया थाने पर तैनात थे। बुधवार सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बासापुर गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां बुलेट सवार दोनों युवकों का प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार दुबे को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होमगार्ड जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियों की शादी अभी बाकी है।
घटना पर डायल 112 प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल कुमार दुबे बेहद जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
