August 21, 2026

Jaunpur news गन्ने की जूस मशीन बनी हादसे की वजह, महिला का हाथ काटकर बचानी पड़ी जान

Share

जौनपुर में गन्ने की जूस मशीन बनी हादसे की वजह, महिला का हाथ काटकर बचानी पड़ी जान

जौनपुर शहर में सड़क किनारे लगाई जा रही गन्ने के जूस की मशीनें अब लोगों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा बनती जा रही हैं। बुधवार दोपहर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर एक दर्दनाक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए हाथ काटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित महजूदा गांव निवासी अजय कुमार चौहान की पत्नी रिंकी चौहान (28) अपने बच्चों के साथ मायके सरायख्वाजा जा रही थीं। रास्ते में वह जेसीज चौराहे पर रुकीं और सड़क किनारे लगे ठेले पर गन्ने का जूस पीने लगीं। इसी दौरान लापरवाही से संचालित मशीन की चपेट में आने से उनका बायां हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद बच्चे मां की हालत देखकर रोने-बिलखने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए हाथ अलग कर महिला की जान बचाने का प्रयास किया।

घटना के बाद शहर में सड़क किनारे संचालित हो रही गन्ने की जूस मशीनों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जेसीज चौराहा, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, अंबेडकर तिराहा, सब्जी मंडी और रेलवे स्टेशन समेत कई स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से लगाई गई मशीनें यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मशीनों से न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है, बल्कि सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण होने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मशीन संचालकों के खिलाफ अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

About Author