Jaunpur news जौनपुर में रंग व्यापारी और चिकित्सक पक्ष में विवाद, मारपीट में चार घायल
जौनपुर में रंग व्यापारी और चिकित्सक पक्ष में विवाद, मारपीट में चार घायल
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मंडी नसीब खां मोहल्ले में मंगलवार की शाम दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े छह बजे किसी पुराने विवाद और शिकायत को लेकर रंग व्यवसाय से जुड़े व्यापारी तथा पड़ोस में रहने वाले चिकित्सक पक्ष के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से हाथापाई होने लगी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग बीच-बचाव में जुट गए।
मारपीट की घटना में व्यापारी पक्ष से पिता-पुत्र सहित दो लोग घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से भी दो लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही भंडारी चौकी प्रभारी जयदीप कुमार कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों और संभ्रांत नागरिकों द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
