Jaunpur news शादी वाले घर में पसरा मातम,,,
शादी वाले घर में पसरा मातम,,,
माला लेने जा रहे दो युवकों को टेलर ने मारी टक्कर,एक की हुई मौत
मृतक साले की शादी में सम्मिलित होने पहुंचा था ससुराल
चंदवक,जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बरामनपुर गांव में पड़ी शादी वाले घर में उस समय मातम पसर गया जब शादी के लिए फूल माला लेने चंदवक बाजार जा रहे दो युवकों को अज्ञात टेलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।मृतक की पहचान अखिलेश कुमार उर्फ बबलू पुत्र गोरखनाथ 38 वर्ष निवासी रामकटोरा थाना देवगांव,जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।बताया जा रहा है कि वह अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल बरामनपुर गांव आया हुआ था।
विदित हो कि अखिलेश अपने रिश्तेदार संदीप कुमार (27) पुत्र अजय कुमार निवासी बरामनपुर के साथ बाइक से चंदवक बाजार माला लेने जा रहा था।जैसे ही कर्रा कालेज के समीप पहुंचा तभी आजमगढ़ की तरफ से वाराणसी जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संदीप का उपचार चल रहा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी प्रतिमा, दो बेटे प्रांजल व अनिकेत तथा बेटी महिमा को छोड़ गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी प्रतिमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेलर और चालक की तलाश की जा रही है।
