Jaunpur news भीषण सड़क हादसा: स्कूटी और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, पांच घायल

Share

जौनपुर में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, पांच घायल

जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौकियां नईबाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क किनारे दूर जा गिरे। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सरौनी पश्चिम पट्टी गांव निवासी अविनाश, अमित, पंकज और इशू कुमार एक स्कूटी पर सवार होकर देवकली बाजार जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर की ओर से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान गाजीपुर जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदेपुर गांव निवासी सूरज पुत्र रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरज अपने पिता के साथ किसी काम से जौनपुर आया था और वापस घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

यातायात नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक स्कूटी पर चार लोगों का सवार होना भी हादसे की बड़ी वजह बना। लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। बिना हेलमेट और क्षमता से अधिक सवारी लेकर चलना सड़क हादसों को बढ़ावा दे रहा है।

About Author