Jaunpur news तहसीलदार के भेजे गए वार्ता प्रस्ताव को वकीलों ने किया खारिज
तहसीलदार के भेजे गए वार्ता प्रस्ताव को वकीलों ने किया खारिज
अधिवक्ताओं का शिष्ट मंडल मिलेगा जिलाधिकारी से
जौनपुर। जिले की मछली शहर तहसील मुख्यालय पर
तहसीलदार के स्थानांतरण तक अधिवक्ताओं की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही।तहसीलदार द्वारा भेजा गया वार्ता का प्रस्ताव खारिज हो गया और स्थानांतरण तक हड़ताल जारी रखने के निर्णय पर संघ अडिग है।अधिवक्ताओं का शिष्ट मंडल जिलाधिकारी से मिलकर तहसील की समस्याओं से अवगत कराएगा।
तहसीलदार रवि रंजन कश्यप ने अधिवक्ता संघ को मंगलवार को पत्र भेजकर कहा था कि अधिवक्ताओं और तहसीलदार के बीच हुई नोंक झोंक को लेकर अधिवक्ता संघ न्यायिक कार्य से विरत हैं।इस बिंदु पर अनुरोध है कि कुछ वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार के अध्यक्ष,महामंत्री हमारे चैंबर में 22 अप्रैल को 11 बजे उपस्थित होकर वार्ता करने का कष्ट करें।वहीं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव और महामंत्री आलोक विश्वकर्मा का कहना है कि वार्ता के प्रस्ताव को 22 अप्रैल को साधारण सभा की बैठक कर सदन में रखा जायेगा।जब सर्व सम्मति से निर्णय होगा तभी वार्ता के प्रस्ताव पर अमल होगा।इसी क्रम में बुधवार को साधारण सभा की बैठक हुई।जिसमें सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि तहसीलदार द्वारा हड़ताल के दौरान चौपाल में पारित मुकदमों के आदेश को तत्काल वापस लिया जाय और पत्रावलियों में तिथि नियत की जाय और अधिवक्ता साथियों की कुर्सी,मेज पुनःउसी स्थान पर रखवाई जाय तभी सदन को अवगत कराकर वार्ता के प्रस्ताव पर विचार कर अवगत कराया जायेगा।अधिवक्ताओं ने यह भी निर्णय लिया कि जिलाधिकारी से समय मिलने पर अधिवक्ताओं का शिष्ट मंडल गुरुवार को जिलाधिकारी से मिलकर तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार और अन्य मांगों से अवगत कराएगा।बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव एवं संचालन महामंत्री आलोक विश्वकर्मा ने किया।वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चंद्र सिन्हा,यज्ञ नारायण सिंह,दया नाथ पटेल,अशोक श्रीवास्तव,इंदु प्रकाश सिंह,भरत लाल यादव,बाबू राम,बृजेश श्रीवास्तव,अजय सिंह,वेद प्रकाश श्रीवास्तव,अवनींद्र दुबे,सुरेन्द्र कुमार,वीरेंद्र मौर्य,संजीव चौधरी,अशोक मिश्रा,राहुल तिवारी,विनय प्रिय पांडेय,संदीप श्रीवास्तव,अजय कुमार,श्याम सुंदर यादव,बृजेश यादव आदि ने विचार व्यक्त किया।
