Jaunpur news जौनपुर में फर्जी दरोगा बनकर जमीन के नाम पर ठगी: 10 लाख हड़पे, चेक बाउंस होने पर खुला राज
जौनपुर में फर्जी दरोगा बनकर जमीन के नाम पर ठगी: 10 लाख हड़पे, चेक बाउंस होने पर खुला राज
जौनपुर शहर में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को दरोगा बताकर लाखों रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के बलूवा घाट मोहल्ला निवासी अरविंद कुमार निषाद का आरोप है कि मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कादनपुर गांव निवासी शुभम कुमार श्रीवास्तव अक्सर उनकी चोखा-बाटी की दुकान पर आता-जाता था। इसी दौरान उसने खुद को पुलिस विभाग में दरोगा बताकर भरोसा जीता और भदोही में तैनाती होने की बात कही।
विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने एक जमीन दिखाते हुए उसे अपना करीबी बताते हुए सौदा तय कराया। जमीन की कीमत 27 लाख रुपये बताई गई, जिस पर अरविंद कुमार ने अपने पिता के खाते और उधार लेकर 10 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में पैसा वापस मांगने पर उसने 10 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया।
इतना ही नहीं, इसी आरोपी पर एक अन्य व्यक्ति से भी ठगी का आरोप है। सिपाह मोहल्ला निवासी चंद्रिका प्रसाद यादव से जलालपुर क्षेत्र की जमीन दिखाकर रेहन के नाम पर 3 लाख रुपये ले लिए गए और नोटरी हलफनामे के जरिए सौदा दर्शाकर रकम हड़प ली गई।
पीड़ितों का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहा है। मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
