Jaunpur news संदिग्ध मौत से हड़कंप: पत्नी शव लेकर डीएम ऑफिस पहुंची, हत्या का आरोप
Jaunpur news संदिग्ध मौत से हड़कंप: पत्नी शव लेकर डीएम ऑफिस पहुंची, हत्या का आरोप
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब मृतक की पत्नी अपने पति का शव लेकर सीधे कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अइलिया गांव निवासी 54 वर्षीय लक्ष्मण सिंह की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी संगीता सिंह, जो कि डोभी ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं, ने इस मौत को सामान्य नहीं मानते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर चल रही रंजिश में पट्टीदारों ने उनके पति को जहर देकर मार डाला। उन्होंने बताया कि इस विवाद के चलते परिवार को पहले से ही प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना के विरोध में संगीता सिंह अपने पति का शव लेकर डीएम कार्यालय पहुंच गईं और न्याय की मांग की। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र अमन सिंह (22 वर्ष) और एक पुत्री अनुष्का सिंह (20 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
