Jaunpur news लापरवाही पर गिरी गाज: लाइन बाजार थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह निलंबित, एसपी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
लापरवाही पर गिरी गाज: लाइन बाजार थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह निलंबित, एसपी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
जौनपुर।
जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने लाइन बाजार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार्य में लापरवाही और क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के अनुसार मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने मामले की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया। हाल के दिनों में लाइन बाजार थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में वृद्धि की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, जिसके चलते जिम्मेदारी तय करते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने भी निलंबन की पुष्टि की है। फिलहाल लाइन बाजार थाने के लिए किसी नए थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
एसपी की इस कार्रवाई से जिले के अन्य थानेदारों में भी हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को लेकर अब लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
