Jaunpur news होली व रमजान को लेकर सौहार्द बैठक, तेज आवाज में डीजे बजाने व सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
होली व रमजान को लेकर सौहार्द बैठक, तेज आवाज में डीजे बजाने व सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
गौराबादशाहपुर।
आगामी होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को कस्बा गौराबादशाहपुर, भुइली, दुद्यौरा, धर्मापुर और गजना बाजार में थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव ने स्थानीय नागरिकों व डीजे संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित मानक से अधिक तेज ध्वनि में संगीत न बजाएं और न ही किसी भी प्रकार के अश्लील गानों का प्रयोग करें। यदि किसी भी स्थान पर तीव्र आवाज या अश्लील गाने बजते हुए पाए गए, तो संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए डीजे को तत्काल सीज कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अपील की कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट, भड़काऊ संदेश या वीडियो न तो साझा करे और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करे। थानाध्यक्ष ने सचेत किया कि आपत्तिजनक पोस्ट या कमेंट करने पर संबंधित अकाउंट धारक के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को मनाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के ईओ शशिकांत तिवारी, चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश सोनकर, सभासद शीशवंश सिंह, धर्मापुर ग्राम प्रधान जय हिंद यादव, समर बहादुर यादव, बुलट सिंह, नीरज यादव, चंद्र शेखर निषाद, सहित अन्य गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित रहे।
