Jaunpur news जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मटियारी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, लायंस क्लब सूरज ने बढ़ाया हौसला
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मटियारी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, लायंस क्लब सूरज ने बढ़ाया हौसला
केराकत (जौनपुर)। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मटियारी (मुफ्तीगंज) में विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब जौनपुर सूरज की ओर से विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संस्था के महासचिव राजेंद्र खत्री एवं अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जिज्ञासा और निरंतर प्रयास आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. राम बिहारी ने अपने संबोधन में विज्ञान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नवाचार और अनुसंधान के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच विकसित करने का संकल्प है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिपुंड भास्कर, शासकीय अधिवक्ता राजेश शुक्ला तथा उप जिलाधिकारी सदर के पेशकार सुभाष चंद्र यादव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
