Jaunpur news राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर बेलवां के कंपोजिट विद्यालय में सजी विज्ञान-कला प्रदर्शनी, छात्रों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल

Share


राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर बेलवां के कंपोजिट विद्यालय में सजी विज्ञान-कला प्रदर्शनी, छात्रों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल
जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र के बेलवां स्थित कंपोजिट विद्यालय गौहर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर भव्य विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचार और रचनात्मक मॉडलों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों को प्रभावित कर दिया। विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रदर्शनी में बच्चों ने हाई अलर्ट सिक्योरिटी अलार्म, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक एवं मानव निर्मित वस्तुओं पर आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM), ज्वालामुखी मॉडल, क्राफ्ट वर्क, जल चक्र तथा ब्रह्मोस मिसाइल के मॉडल प्रस्तुत किए। विशेष रूप से जल संरक्षण और सुरक्षा अलार्म मॉडल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं उदयभान कुशवाहा ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा देने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
कार्यक्रम की रूपरेखा सहायक अध्यापक शिवम सिंह ने तैयार की। आयोजन को सफल बनाने में राकेश सिंह और सौम्या सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रधानाध्यापक रामसजन यादव ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुन्ना पाल, प्रदीप पांडेय, राकेश गुप्ता, जितेंद्र पाल, बब्बू शर्मा सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About Author