Jaunpur news जोगियापुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की फांसी से मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप; पुलिस जांच में जुटी
जोगियापुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की फांसी से मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप; पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के जोगियापुर मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार जोगियापुर निवासी सुनील कुमार निषाद की लगभग 30 वर्षीय पत्नी संजू देवी का शव रात करीब साढ़े तीन बजे घर के टीन शेड में बांस से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मृतका का पति शराब का आदी था और अक्सर घर आकर झगड़ा करता था। बताया जा रहा है कि महिला ने कुछ दिन पहले इस संबंध में पुलिस को सूचना भी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संजू देवी शहर के रूहट्टा स्थित एक निजी स्कूल में दाई का काम कर अपने पांच बच्चों—एक बेटे और चार बेटियों—का पालन-पोषण करती थी। उसकी शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उसका मायका गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिंझवार सारंग गांव में है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
